रायपुर। साइंस कालेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम के आमंत्रण कार्ड में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत का नाम सांसद राहुल गांधी के नाम के नीचे लिखा गया है। भाजपा ने इसे प्रोटोकाल का उल्लंघन बताया है। पार्टी इस मामले में विशेषाधिकार के हनन का मामला बता रही है।
भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रोटोकाल में किसी भी सांसद से ऊपर हैं। हम अपने मुख्यमंत्री का अपमान किसी भी सूरत में नहीं सहेंगे। इसमें विशेषाधिकार भंग हुआ है। बता दें कि विधानसभा के बजट सत्र की अधिसूचना जारी हो चुकी है। सत्र सात मार्च से शुरू होगा। ऐसे में भाजपा की तरफ से इस मुद्दा बनाया जा सकता है।
चुनावी वादों को लेकर भाजपा मांग रही राहुल गांधी से जवाब
छत्तीसगढ़ के दौरे पर आए राहुल गांधी से चुनावी वादों को लेकर भाजपा इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सवाल दाग रही है। इसके लिए पार्टी ने ट्टिवटर पर #राहुलगांधीजवाबदो चला रखा है। इस हैश टैग के माध्यम से भाजपा के नेता लगातार सवाल कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने राहुल गांधी से राज्य में मतांतरण से लेकर गरीबों के आवास तक को लेकर सवाल किया है। उन्होंने लिखा है कि भूपेश सरकार की लापरवाही से पीएम आवास के करीब आठ लाख, गरीबों के घर नहीं बन पाएंगे, जिम्मेदार कौन है? गरीबों की छत छीनने वाले मुख्यमंत्री को पद पर रहने देंगे।
छत्तीसगढ़ में खुलेआम धर्मांतरण हो रहा है, कवर्धा में भगवा ध्वज का अपमान किया गया, सनातनियों को परेशान किया जा रहा है। यह सब आपके इशारे पर हो रहा है क्या ?
शराबबंदी के वादे को लेकर डा. रमन ने राहुल गांधी को टैग करते हुए लिखा है कि आपने ही कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी किया था। शराबबंदी, नियमितीकरण, बेरोजगारी भत्ता,बकाया बोनस जैसे कई वादे किए थे। लेकिन अब तक 36 में से 10 भी वादे पूरे नहीं हुए। क्यों? क्या कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के साथ छल और धोखा नहीं किया?
डा. रमन ने राहुल का स्वागत करते हुए लिखा है कि आप आज छत्तीसगढ़ आ रहे हैं- आपका स्वागत है लेकिन आपके मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कुनीतियों, कुप्रबंधन और विश्वासघात के कारण त्रस्त प्रदेश के युवा, महिला, किसान, जवान, मजदूर, बेटियां आपसे कुछ सवाल पूछ रही हैं। उम्मीद है आप उनके जवाब देने की हिम्मत कर पाएंगे।
