राजनांदगांव , गौरी नगर में गो हत्या और शहर में गो मांस की बिक्री की पुष्टि के बाद सर्व समाज ने बैठक की। जिसमें शहर में जगह-जगह चल रही मांस दुकानों और पका हुआ मांस बेचने वालों को हटाने पर चर्चा हुई। वहीं जल्द कार्रवाई नहीं होने की स्थिित में आंदोलन की भी तैयारी सर्व समाज ने की है।
बुधवार को अग्रसेन भवन में सर्व समाज की बैठक रखी गई। जिसमें मांस विक्रय के लिए शहर में एक या दो जगह चिह्नित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा जगह-जगह बिक रहे नॉनवेज फास्ट फूड और बिरयानी दुकानों लिए भी जगह तय करने की बात कही गई। सर्व समाज गुरुवार को कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और एसपी से मुलाकात करेगा। जिसमें इन विषयों को रखा जाएगा। मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष और सांसद भी मिलने की तैयारी सर्व समाज कर रहा है।
तीन दिन में कार्रवाई नहीं तो होगा आंदोलन: सर्वसमाज ने निर्णय लिया कि अफसरों ने उनकी मांगों पर अगर तीन दिन में कार्रवाई नहीं की। तो आगे शहर में आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसमें नगर बंद, धरना प्रदर्शन सहित चक्काजाम जैसे प्रदर्शन होंगे। इसके पहले हिंदू संगठनों ने भी सार्वजनिक जगहों पर बिक रहे मांस पर रोक लगाने और गोल बाजार से मटन मार्केट को हटाने को लेकर तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
